• Breaking News

    गोला मार्ग पर बिसरा मोड़ के पास बड़ा हादसा टला, ट्रक पलटने से मची अफरा-तफरी

    गोला मार्ग पर भारत पेट्रोल पंप के पास बिसरा मोड़ के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक भारी वाहन अचानक सड़क किनारे पलट गया। हालांकि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रक बहुत धीमी रफ्तार में चल रहा था, जिसकी वजह से एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। ड्राइवर को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।



    घटना 2 बजे दोपहर की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक गोला की दिशा से गोरखपुर की ओर जा रहा था। बिसरा मोड़ के पास पहुंचते ही संतुलन बिगड़ जाने से वाहन सड़क के किनारे पलट गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और चालक को ट्रक के अंदर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


     इस दौरान सड़क के एक हिस्से पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।


    स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह क्षेत्र अक्सर भारी वाहनों के लिए खतरनाक साबित होता है। मोड़ काफी संकरा है और सड़क किनारे गहराई अधिक होने के कारण वाहनों का संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रोड को ठीक से बनाया जाए  ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


    ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यदि ट्रक सड़क की दूसरी ओर पलटता या पेट्रोल पंप की दिशा में गिर जाता, तो भारी नुकसान या किसी बड़ी अनहोनी की संभावना थी। सौभाग्य से वाहन चालक ने सूझबूझ दिखाई और वाहन की गति को नियंत्रित रखा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

    No comments