• Breaking News

    आशा वर्करों का जुलूस व प्रदर्शन, उपजिलाधिकारी कार्यालय पर मांग-पत्र किया चस्पा

    बांसगांव संवाददाता।
    आशा वर्कर यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को बांसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से तहसील (उपजिलाधिकारी) कार्यालय तक आशा वर्करों ने जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सरकार की उपेक्षापूर्ण नीतियों और महिला विरोधी बयानों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। उपजिलाधिकारी सहित कोई भी जिम्मेदार अधिकारी कार्यालय में उपस्थित न मिलने पर आशा वर्करों ने अपना मांग-पत्र कार्यालय परिसर में चस्पा किया।
    तहसील परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाकपा(माले) के जिला सचिव राकेश सिंह ने कहा कि 15 दिसंबर से पूरे प्रदेश में आशा वर्कर हड़ताल पर हैं। भीषण ठंड के बावजूद 23 दिसंबर को विधानसभा घेराव किया गया और मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव से प्रतिनिधिमंडल की वार्ता भी हुई, लेकिन जब तक आशा वर्करों की जायज मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।
    उन्होंने कानपुर देहात के राजपुर कस्बे की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि 1 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन की पदाधिकारी एवं आशा कर्मी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मिलने उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थल पर गई थीं। करीब चार घंटे इंतजार के बाद मंत्री द्वारा दिया गया कथित बयान—“आपके पति आपकी कमाई खाते हैं क्या, 2000 रुपये में घर नहीं चलता?”—न केवल अपमानजनक है, बल्कि यह सभी कामकाजी महिलाओं के श्रम, सम्मान, समानता और संवैधानिक अधिकारों पर सीधा हमला है।
    राकेश सिंह ने कहा कि एक ओर सरकार ने विधान मंडल सदस्य तथा मंत्री सुख-सुविधा (संशोधन) विधेयक 2025 के जरिए अपने लिए वेतन-भत्तों में भारी बढ़ोतरी की है, जिससे सरकारी खजाने पर सालाना लगभग 105 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ा है। 1 अप्रैल 2025 से पहले जहां मंत्रियों को 2.21 लाख रुपये मिलते थे, वहीं अब 85 हजार रुपये की एकमुश्त वृद्धि कर दी गई है। वाहन, आवास, सुरक्षा व अन्य सुविधाएं अलग से दी जा रही हैं। विधायकों के वेतन में भी इसी तरह बढ़ोतरी की गई है। ऐसे में आशा वर्करों को उनके न्यूनतम मानदेय और अधिकारों के लिए अपमानित किया जाना घोर अन्याय और महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
    सभा का संचालन आशा वर्कर यूनियन की सचिव मालती कासौधन ने किया। सभा को अंजू विश्वकर्मा, प्रेमशिला देवी, मालती कासौधन, निशा शुक्ला, अर्चना शुक्ला और निरज मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर अंजू, प्रेमशिला, सावित्री, निशा शुक्ला, बिंदौरा, सरिता, अर्चना, सृष्टि पांडे, संध्या भारती, अनुराधा त्रिपाठी, गौरी, सावित्री मौर्य, शबनम, विनीता, सरोज पांडे, तारा सिंह, अंजू शर्मा, पुष्पा, सोना देवी, अनीता, उषा देवी, धर्मशिला, वंदना दुबे, सुधा सिंह, स्नेहलता, यशोधरा, गीता देवी, संध्या सिंह सहित बड़ी संख्या में आशा वर्कर उपस्थित रहीं

    No comments

    Ad

    Abcd
    ad728