अहिल्याबाई होल्कर के साथ इतिहासकारों व शासकों ने किया अन्याय : राजेश त्रिपाठी
संवाददाता सूरज शर्मा बड़हलगंज गोरखपुर
बड़हलगंज। चिल्लूपार के विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि देश के इतिहासकारों और आज़ादी के बाद के शासकों ने राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के साथ घोर अन्याय किया है। यदि उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर निष्पक्षता से प्रकाश डाला गया होता, तो आज पूरी दुनिया महारानी अहिल्याबाई होल्कर को माता जानकी और देवी दुर्गा जैसी शक्ति के रूप में जानती।
यह विचार उन्होंने रविवार को बड़हलगंज में लोक प्रयास सोसाइटी द्वारा आयोजित तथा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित राज्य स्तरीय संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। यह संगोष्ठी राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती के अवसर पर आयोजित की गई थी।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन केवल संगोष्ठियों और पुस्तकों तक सीमित रखने का विषय नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एक छोटे से प्रांत की शासक होते हुए भी अहिल्याबाई ने पूरे देश में जनकल्याण के लिए सड़कें, नालियां, तालाब, बावड़ियां, मंदिर और धर्मशालाओं का निर्माण कराया। इससे यह स्पष्ट होता है कि सच्चा शासन वही है जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाए।
उन्होंने महेश्वर की प्रसिद्ध साड़ियों और हथियार कारखानों का उदाहरण देते हुए कहा कि अहिल्याबाई होल्कर 300 वर्ष पूर्व आत्मनिर्भर भारत की पहली ब्रांड एम्बेसडर थीं। उनका शासन सुशासन, न्याय और लोककल्याण का आदर्श उदाहरण है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विशिष्ट अतिथि मदरिया शक्तिपीठ के महंत श्रीशदास ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने न्याय की रक्षा के लिए अपने पुत्र को भी मृत्यु दंड देने जैसा कठोर निर्णय लिया, जो उनके निष्पक्ष और दृढ़ चरित्र को दर्शाता है।
नगर पंचायत बड़हलगंज की चेयरमैन प्रीति उमर ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए लोक कल्याणकारी कार्यों से अपनी अलग पहचान बनाई और नारी सशक्तिकरण की मिसाल पेश की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. संदीप शाही ने की, जबकि संचालन लोक प्रयास संस्था के अध्यक्ष प्रद्युम्न मिश्रा ने किया। कार्यक्रम को पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक सिंह और प्रोफेसर विजय प्रकाश श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर कृष्ण कुमार गुप्ता , अनूप जायसवाल, हरपाल नगवानी, बृजेश तिवारी, सभासद रवि साहनी सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
No comments