बड़हलगंज फोरलेन पर दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत
संवाददाता सूरज शर्मा बड़हलगंज गोरखपुर
बड़हलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन मार्ग पर ओझौली के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान अमीर पुत्र अब्दुल बारी (29 वर्ष), निवासी घोसी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमीर किसी निजी कार्य से बड़हलगंज आया हुआ था। काम निपटाने के बाद वह मोटरसाइकिल से वापस अपने घर घोसी लौट रहा था। इसी दौरान सरयू तट स्थित ओझौली के पास फोरलेन मार्ग पर उसकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर बड़हलगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों के अनुसार अमीर तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक के निधन की खबर मिलते ही गांव में भी शोक का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष सुनील राय ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने फोरलेन मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
No comments