इंडियन नेवी (अग्निवीर) में चयनित हुई बड़हलगंज की श्रेया, क्षेत्र का बढ़ाया मान
संवाददाता सूरज शर्मा बड़हलगंज गोरखपुर
बड़हलगंज। नगर पंचायत क्षेत्र के सरयूनगर वार्ड की रहने वाली श्रेया गुप्ता ने भारतीय जल सेना (इंडियन नेवी) में अग्निवीर के रूप में चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। श्रेया की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर नगर पंचायत बड़हलगंज के चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने उनके आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बड़हलगंज नगर पंचायत के पुरानी हनुमान गढ़ी मोहल्ला निवासी राकेश उर्फ राजू गुप्ता की सुपुत्री श्रेया गुप्ता ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर इंडियन नेवी (अग्निवीर) में चयनित होने का गौरव प्राप्त किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद श्रेया ने अपने लक्ष्य को प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।
श्रेय की सफलता की जानकारी मिलने पर चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर उनके घर पहुंचे और चेयरमैन प्रीति उमर की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रेया की सफलता देश के प्रति उसके समर्पण, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मध्यवर्गीय परिवार की बेटियों के लिए श्रेया एक प्रेरणास्रोत हैं, जो यह संदेश देती हैं कि बेटियां भी देश की रक्षा में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
बताया गया कि श्रेया की प्रारंभिक शिक्षा बड़हलगंज से ही हुई है। उन्होंने मिनी ग्रामीण स्टेडियम में सेवानिवृत्त कैप्टन आर.बी. यादव के मार्गदर्शन में शारीरिक एवं मानसिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि आज वह इंडियन नेवी का हिस्सा बनने जा रही हैं। श्रेया ने बताया कि आगामी 18 फरवरी से ओडिशा स्थित आईएनएस चिल्का में उनका प्रशिक्षण प्रारंभ होगा।
श्रेया की सफलता पर चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने दूरभाष पर बधाई दी। वहीं विधायक प्रतिनिधि आचार्य वेद प्रकाश त्रिपाठी, व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीकांत सोनी, जनसेवा संस्था के महामंत्री संतोष जायसवाल, सभासद दीपक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
क्षेत्र में श्रेया की उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह और गर्व का माहौल है।
No comments