• Breaking News

    युवाओं के आत्मबल और अनुशासन से देश बढ़ेगा आगे – महेश उमर. राष्ट्रीय युवा दिवस पर बड़हलगंज मिनी ग्रामीण स्टेडियम में हुआ आयोजन

     संवाददाता  सूरज शर्मा बड़हलगंज गोरखपुर

    बड़हलगंज। स्वामी विवेकानंद का स्पष्ट विश्वास था कि यदि किसी राष्ट्र के युवा आत्मबल, अनुशासन और चरित्र से युक्त हों, तो उस देश को आगे बढ़ने से कोई शक्ति नहीं रोक सकती। उक्त विचार नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि महेश उमर ने सोमवार को व्यक्त किए। वे बड़हलगंज स्थित मिनी ग्रामीण स्टेडियम में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, गोरखपुर द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि युवाओं और खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे।

    स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महेश उमर ने कहा कि 12 जनवरी केवल एक तिथि नहीं है, बल्कि यह भारत के आत्मविश्वास, सांस्कृतिक चेतना और युवा शक्ति की स्मृति का दिवस है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में जब देश तेज़ी से भविष्य की ओर अग्रसर है, ऐसे समय में राष्ट्रीय युवा दिवस हमें यह सोचने का अवसर देता है कि क्या आज का युवा वास्तव में चरित्रवान, साहसी और जिम्मेदार बन पा रहा है।

    उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर ही युवा न केवल अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि देश को भी नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले युवा खिलाड़ियों को मिष्ठान भी वितरित किया।

    कार्यक्रम में हनुमान नगर सभासद दीपक गोंड, दीपक जायसवाल, श्री प्रकाश राय (कबड्डी खेल प्रशिक्षक), सरफराज (पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी एवं कोच), रत्नेश कुमार (अनुदेशक), गौरव शाही (क्रिकेट कोच) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

    राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में बालक वर्ग में एस पी एकेडमी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि स्टेडियम टीम दूसरे स्थान पर रही। वहीं बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में स्टेडियम टीम प्रथम तथा एस पी एकेडमी द्वितीय स्थान पर रही।

    इसके साथ ही एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में प्रतीक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में अवनीश यादव प्रथम रहे, जबकि 1500 मीटर दौड़ में राज ने पहला स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 200 मीटर दौड़ में स्मिता, 400 मीटर दौड़ में किरन तथा 800 मीटर दौड़ में भी किरन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

    कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी बड़हलगंज विप्लव गुप्ता ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संजीत कुमार, रामप्रवेश शाही, मनोज कुमार, विनय कुमार, सत्य प्रकाश, लाल बाबू तथा पीआरडी के जवानों का विशेष सहयोग रहा।

    No comments