देवरिया में हर्षोल्लास से मनाया गया विश्व चिंतन दिवस, स्काउट-गाइड ने लिया सेवा का संकल्प
देवरिया। विश्व भर में स्काउट-गाइड आंदोलन के संस्थापक लॉर्ड बेडेन पावेल तथा उनकी पत्नी लेडी ओलिव बेडेन पावेल की जयंती के अवसर पर 22 फरवरी को देवरिया जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विश्व चिंतन दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं एवं शिक्षकों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए समाज सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया।
महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज, देवरिया के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में जिला गाइड कमिश्नर गीता कुमारी, गाइड संगठन आयुक्त कृति गुप्ता, जिला स्काउट प्रशिक्षक डॉ. पी. एल. यादव तथा चन्दन जायसवाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व चिंतन दिवस का उद्देश्य स्काउट-गाइड के मूल्यों को आत्मसात करना और सेवा भाव को जीवन का हिस्सा बनाना है।
इस अवसर पर गाइड छात्राओं—रीना गुप्ता, पायल मदेसिया, सलोनी, प्रियंका, सुधा एवं सुहानी—ने भी अपने विचार व्यक्त किए। छात्राओं ने बताया कि स्काउट-गाइड गतिविधियाँ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीत, प्रतिज्ञा एवं प्रेरणादायी भाषणों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।
उधर चौधरी चरण सिंह दल के संचालक डॉ. पिंटू लाल यादव के नेतृत्व में भी विश्व चिंतन दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। वहीं अब्दुल हमीद दल के संचालक मु. यूनूस अंसारी और पंकज श्रीवास्तव ने एम. आर. पब्लिक स्कूल, बसंतपुर में कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मु. जाहिरुद्दीन खान, दिलीप श्रीवास्तव, आरिफ अंसारी, स्नेहा यादव सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रमों में वक्ताओं ने कहा कि विश्व चिंतन दिवस हमें एकता, भाईचारे और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह दिवस युवाओं को सकारात्मक सोच, अनुशासन और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का संदेश देता है।
समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने समाजहित में कार्य करने तथा स्काउट-गाइड के आदर्शों का पालन करने का संकल्प लिया। पूरे जनपद में यह दिवस उत्साह, अनुशासन और प्रेरणा के साथ संपन्न हुआ।


No comments