राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस व खसरा-रूबेला अभियान को लेकर तहसील स्तरीय बैठक आयोजित
गोरखपुर/गोला। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस और खसरा-रूबेला टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को गोला तहसील में एक महत्वपूर्ण तहसील स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी गोला अमित जायसवाल ने की। बैठक में अभियान की तैयारियों, कार्ययोजना और माप-अप चरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर कक्षा 1 से 5 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, निजी विद्यालयों एवं मदरसों में अध्ययनरत बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल की एक गोली अनिवार्य रूप से खिलाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दवा बच्चों को कृमि जनित रोगों से बचाने में सहायक है और उनके शारीरिक व मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जो बच्चे 10 फरवरी को किसी कारणवश विद्यालय में उपस्थित नहीं रहेंगे, उन्हें 13 फरवरी को माप-अप चरण के अंतर्गत दवा दी जाएगी। इसके लिए सभी विद्यालयों को दोनों दिन अनिवार्य रूप से खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों को बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और दवा वितरण में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया।
उप जिलाधिकारी अमित जायसवाल ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस अभियान में अवश्य शामिल कराएं और दवा खिलवाने में किसी प्रकार की भ्रांति या डर से दूर रहें। उन्होंने कहा कि एल्बेंडाजोल दवा पूरी तरह सुरक्षित है और सरकार द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दी जा रही है।
बैठक में खसरा-रूबेला टीकाकरण अभियान को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को आपसी समन्वय, जन जागरूकता और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, ताकि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सके।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी दिवाकर सिंह, गोला के खंड शिक्षा अधिकारी प्रतिनिधि, बाल विकास परियोजना अधिकारी, ब्लॉक सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक पूनम मौर्य, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के क्षेत्रीय पर्यवेक्षक दिनेश यादव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा, डेरवा एवं बरहलगंज के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला के अधीक्षक डॉ. ए.एन. ठाकुर ने किया। अंत में सभी संबंधित विभागों से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की गई।

No comments