• Breaking News

    गौ संरक्षण को लेकर बांसगांव में सौंपा गया ज्ञापन, प्रधानमंत्री व राज्य नेतृत्व से ठोस कानून की मांग


    बांसगांव (गोरखपुर)। “गो सम्मान आह्वान अभियान” के तहत गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं अवैध कटान पर रोक लगाने की मांग को लेकर अजय कुमार सिंह (प्रबंधक, ग्लोरियस चिल्ड्रेन्स एकेडमी) के नेतृत्व में एक विस्तृत ज्ञापन उपजिलाधिकारी बांसगांव के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं राज्यपाल उत्तर प्रदेश को संबोधित कर सौंपा गया।
    27 अप्रैल 2026 को दिए गए इस ज्ञापन में प्रदेश में गौवंश की बिगड़ती स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। ज्ञापन में कहा गया कि सड़कों पर निराश्रित गोवंश की बढ़ती संख्या के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहीं किसानों की फसलें भी लगातार नुकसान झेल रही हैं। इसके अलावा गौशालाओं में संसाधनों की कमी, समुचित देखभाल का अभाव तथा पशु चिकित्सीय सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया।
    ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि गौ संरक्षण के लिए सख्त एवं प्रभावी कानून बनाया जाए, अवैध कटान पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए तथा प्रदेशभर की गौशालाओं का सर्वे कर उनकी व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। साथ ही गौवंश के लिए चारा, पानी, आश्रय और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
    ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गौवंश केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि प्रणाली और पर्यावरण संतुलन का महत्वपूर्ण आधार है। इसके संरक्षण के लिए सरकार, प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं। साथ ही “जीरो बजट प्राकृतिक खेती” को बढ़ावा देने की बात कही गई, जिससे गौवंश के उपयोग को बढ़ाकर किसानों को लाभ मिल सके।
    इस अवसर पर संजय कुमार सिंह (सभासद), अविनेश सिंह मनु, अविनाश सिंह (सभासद), अमरजीत सिंह, जितेंद्र सिंह, कन्हैयालाल जायसवाल, अरविंद सिंह, त्रिपुरारी राम त्रिपाठी, महेश गुप्ता, अजय सिंह (व्यापार मंडल अध्यक्ष)राम प्रवेश सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
    उपस्थित लोगों ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि गौवंश की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

    No comments