• Breaking News

    20 मई को कौड़ीराम की सभी दवा दुकानें रहेंगी बंद, ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में व्यापारियों का राष्ट्रव्यापी आंदोलन

    गोरखपुर। ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट देने की नीति के विरोध में 20 मई 2026, दिन बुधवार को कौड़ीराम क्षेत्र की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। यह निर्णय अखिल भारतीय रसायनज्ञ एवं औषधि विक्रेता संगठन के आह्वान पर आयोजित राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद के समर्थन में लिया गया है।


    इस संबंध में कौड़ीराम दवा व्यवसायी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार राय उर्फ अन्नु ने की। बैठक में क्षेत्र के सभी दवा व्यापारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए कहा कि जनस्वास्थ्य, दवा व्यापार और लाखों छोटे एवं मध्यम दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा के लिए यह बंद आवश्यक है।


    बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन दवा बिक्री की अनियंत्रित व्यवस्था तेजी से बढ़ रही है, जिससे स्थानीय दवा व्यापार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि कॉरपोरेट कंपनियां अत्यधिक छूट देकर बाजार में असंतुलन पैदा कर रही हैं, जिससे छोटे व्यापारियों का अस्तित्व संकट में पड़ता जा रहा है।


    दवा व्यवसायियों ने यह भी चिंता जताई कि ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री के कारण नकली, भ्रामक और बिना उचित चिकित्सकीय सलाह के दवाओं का इस्तेमाल बढ़ सकता है। इससे मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका है। व्यापारियों का कहना है कि दवा केवल व्यापार नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सीधे लोगों के जीवन को प्रभावित कर सकती है।


    बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बिना पर्याप्त निगरानी और नियंत्रण के ऑनलाइन दवा बिक्री आम जनता के लिए खतरा बन सकती है। कई बार लोग बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं खरीद लेते हैं, जिससे गलत दवा सेवन, दुष्प्रभाव और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।


    दवा व्यापारियों ने सरकार से मांग की कि ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए। साथ ही कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दवाओं पर दिए जा रहे अत्यधिक और अनुचित डिस्काउंट पर भी प्रतिबंध लगाया जाए। व्यापारियों ने नकली एवं अवैध दवाओं के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा छोटे और मध्यम दवा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए स्पष्ट और प्रभावी नीति बनाने की भी अपील की गई।


    कौड़ीराम दवा व्यवसायी संघ ने क्षेत्र की जनता से सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापारियों के हित के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित और जिम्मेदार दवा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक है। संघ के पदाधिकारियों ने लोगों से अपील की कि 20 मई को दवा दुकानें बंद रहने के कारण आवश्यक दवाओं की व्यवस्था पहले से कर लें।


    बैठक में संघ के महामंत्री ऋषभ गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एस. एस. लारी, कोषाध्यक्ष चंदन जायसवाल, संगठन मंत्री घनश्याम, कार्यकारिणी सदस्य राहुल राय, राजकुमार विश्वास, हरिकिशन गुप्ता, विपिन जायसवाल, अभिषेक जायसवाल, धर्मेंद्र कुमार, योगेंद्र चंद, अब्दुल जमील, निर्मल साहनी तथा फार्मासिस्ट मोनू गौड़ सहित बड़ी संख्या में दवा व्यवसायी और संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।


    दवा व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है। फिलहाल 20 मई को प्रस्तावित बंद को सफल बनाने के लिए क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

    No comments