प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक की अचानक मौत, भैरोपुर में शोक की लहर
इकलौते बेटे को मुखाग्नि देते समय बिलख पड़े पिता, अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
बांसगांव। प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बांसगांव क्षेत्र के भैरोपुर गांव निवासी एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह युवक का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार भैरोपुर निवासी शिवनाथ मौर्य, जो तहसील में माल बाबू के पद पर कार्यरत हैं, के 25 वर्षीय पुत्र दीपक मौर्य प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें पैर में दर्द की शिकायत थी। चिकित्सकीय परामर्श के बाद उन्होंने रक्त जांच भी कराई थी, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार था।
मंगलवार रात दीपक अपने कमरे से स्नान करने के लिए बाथरूम गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर साथियों को चिंता हुई। दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर साथियों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर दीपक अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
बुधवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक पहुंचे। हर किसी की आंखें नम थीं।
बाद में शवयात्रा आमी नदी स्थित धोबहा घाट पहुंची, जहां पिता शिवनाथ मौर्य ने अपने इकलौते पुत्र को मुखाग्नि दी। हृदयविदारक दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।
अंतिम संस्कार में एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह, तहसीलदार सुशील कुमार भारती, नायब तहसीलदार जीवेन्द्र कुमार तिवारी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अखिलेश पांडेय सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत युवक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
No comments