• Breaking News

    विकास कार्यों का जायजा लेने चिल्लूपार पहुंचे जिलाधिकारी, बंधों, सड़कों और मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षणबड़हलगंज

     जिला संवाददाता सूरज शर्मा बड़हलगंज गोरखपुर


    बड़हलगंज (गोरखपुर)। गोरखपुर जनपद के चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में चल रहे बाढ़ बचाव और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा मंगलवार को क्षेत्रीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं, बंधों, सड़कों तथा राजा हरिप्रसाद मल्ल होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने क्षेत्र में जारी अवैध मिट्टी खनन का मुद्दा उठाते हुए बंधों को हो रहे नुकसान की ओर जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित किया और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
    दोपहर में बड़हलगंज पहुंचे जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सबसे पहले खड़ेसरी स्थित राजा हरिप्रसाद मल्ल होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा निर्माणाधीन छात्रावासों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्वायज हॉस्टल और गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
    जिलाधिकारी ने कॉलेज प्रशासन को निर्देशित किया कि संस्थान में उपलब्ध सभी सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए तथा छात्रों और शिक्षकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा संस्थानों में उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की कमी को समयबद्ध तरीके से दूर किया जाना चाहिए।

    मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने टेढ़िया बंधा, राप्ती नदी के कटान से प्रभावित जगदीशपुर गांव तथा सरयू नदी से प्रभावित बगहा देवार, ज्ञानकोल और कोलखास क्षेत्रों में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि जगदीशपुर क्षेत्र में लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से कटानरोधी कार्य किए जा रहे हैं, जबकि सरयू नदी से प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 24.79 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं संचालित हैं।

    निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण एवं सुरक्षा कार्यों को आगामी 30 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम नजदीक है और ऐसे में बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। समय से कार्य पूरा होने पर क्षेत्र के हजारों लोगों को संभावित बाढ़ और कटान से सुरक्षा मिल सकेगी।

    जिलाधिकारी ने क्षेत्र में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने बड़हलगंज से पटना घाट तक क्षतिग्रस्त सड़क की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभाग को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कें ग्रामीण विकास और यातायात व्यवस्था की रीढ़ होती हैं, इसलिए जनता को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

    सूत्रों के अनुसार जिलाधिकारी का यह दौरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित चिल्लूपार दौरे की तैयारियों से भी जुड़ा माना जा रहा है। क्षेत्र में चर्चा है कि मुख्यमंत्री शीघ्र ही चिल्लूपार में प्रस्तावित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज का लोकार्पण करने आ सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए प्रशासन विकास कार्यों और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दे रहा है।
    निरीक्षण के दौरान चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने क्षेत्र में बढ़ती अवैध मिट्टी खनन की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर कार्रवाई किए जाने के बावजूद खनन माफिया सक्रिय हैं और बंधों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। विधायक ने कहा कि अवैध खनन में लगी भारी गाड़ियों के लगातार आवागमन से बंधों पर कई स्थानों पर रास्ते बन गए हैं, जिससे बाढ़ के समय सरयू नदी का पानी बंधों के भीतर प्रवेश कर जाता है।

    उन्होंने बताया कि इस स्थिति से राजा हरिप्रसाद मल्ल होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज सहित आसपास के कई गांवों को खतरा उत्पन्न हो जाता है। विधायक ने जिलाधिकारी से अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

    राजेश त्रिपाठी ने खड़ेसरी गांव के निकट सरयू नदी पर बने बंधे को सिंचाई विभाग को हस्तांतरित करने, परशुराम चौराहा (पटना चौराहा) से टेढ़िया बंधे तक जर्जर हो चुके राम-जानकी मार्ग की मरम्मत कराने तथा बैरिया-सरया बंधा परियोजना की फाइल को आगे बढ़ाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के लिए शासन स्तर से धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

    जिलाधिकारी दीपक मीणा ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक वार्ता कर कार्यों को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है और विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

    दौरे के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि महेश उमर के अनुरोध पर जिलाधिकारी नगर पंचायत बड़हलगंज कार्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को सुना।

    इस अवसर पर एडीएम प्रशासन वैभव शर्मा, एसडीएम गोला अमित जायसवाल, नायब तहसीलदार जयप्रकाश, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश वर्मा, नगर पंचायत ईओ रामसमुख, कोतवाली प्रभारी सुनील राय, विधायक प्रतिनिधि आचार्य वेदप्रकाश त्रिपाठी, अरविंद सिंह, श्रीकांत सोनी, संतोष जायसवाल, एनएचएआई के सहायक अभियंता नसीर अहमद, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सुधांशु सिंह तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

    No comments