• Breaking News

    सांसद रवि किशन को सौंपा गया ज्ञापन, शिक्षकों ने पुरानी पेंशन व डेट से मुक्ति की मांग उठाई

    गोरखपुर, 14 जुलाई। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर मंगलवार को गोरखपुर में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गोरखपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद रवि किशन शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिक्षकों ने विशेष रूप से "डेट से मुक्ति" की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की अपील की।


    कार्यक्रम का नेतृत्व उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष राजेश धर दूबे, जिला मंत्री श्रीधर मिश्रा तथा मंडलिक मंत्री ज्ञानेंद्र ओझा ने किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे और उन्होंने अपनी मांगों को विस्तार से सांसद के समक्ष रखा।


    टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा तथा महासचिव राम मूर्ति ठाकुर के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का समाधान लंबित है। इनमें सबसे प्रमुख मांग डेट से मुक्ति को लेकर है, जिस पर केंद्र सरकार से प्रभावी पहल किए जाने की आवश्यकता है।


    ज्ञापन का वाचन सांसद रवि किशन के समक्ष किया गया। सांसद ने शिक्षकों की सभी बातों को गंभीरता से सुना और प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याएं महत्वपूर्ण हैं और उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।


    सांसद रवि किशन ने शिक्षकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह इस विषय को संसद के आगामी मानसून सत्र में पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत स्तर पर भी इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से चर्चा करेंगे, ताकि शिक्षकों की समस्याओं का सकारात्मक समाधान निकल सके।


    उन्होंने कहा कि देश के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तभी संभव है, जब शिक्षक सम्मान और विश्वास के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। इसलिए शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।


    शिक्षक नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद के आश्वासन के बाद इस विषय पर केंद्र सरकार स्तर पर सकारात्मक पहल होगी।


    ज्ञापन कार्यक्रम में संघ के कोषाध्यक्ष सुधांशु मोहन सिंह, युगेश शुक्ला, अनिल चंद, राकेश दूबे, सुमंत सिंह, शिवेंद्र उपाध्याय, रितेश सिंह, महेंद्र चतुर्वेदी, वशिष्ठ तिवारी, अरविंद पांडेय, सम्पूर्णानंद पांडेय, धर्मेंद्र सिंह सहित विभिन्न विकासखंडों के अध्यक्ष, मंत्री, जनपदीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।


    शिक्षकों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी मांगों को संसद और केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा तथा जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

    No comments