• Breaking News

    अंशुमान सिंह के उत्पीड़न पर रोक और फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

    बांसगांव, गोरखपुर। नगर पंचायत बांसगांव की अध्यक्ष प्रीति सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अंशुमान सिंह के खिलाफ कथित उत्पीड़न की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने और उनके विरुद्ध दर्ज बताए जा रहे फर्जी मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा है।


    ज्ञापन में कहा गया है कि अंशुमान सिंह के खिलाफ बिना उचित जांच के उत्पीड़न की कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


    ज्ञापन के मुताबिक, अंशुमान सिंह के विरुद्ध दर्ज मुकदमों को लेकर स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। पत्र में आरोप लगाया गया है कि एकपक्षीय तरीके से कार्रवाई की गई तथा मामले से संबंधित तथ्यों की निष्पक्ष जांच नहीं की गई। ज्ञापन में संबंधित प्रकरण की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की गई है।


    प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि अंशुमान सिंह के खिलाफ कथित उत्पीड़न की कार्रवाई तत्काल नहीं रोकी गई और फर्जी मुकदमों को वापस नहीं लिया गया तो 48 घंटे बाद बृहद आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया है कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


    ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, जांच पूरी होने तक संबंधित कार्रवाई पर रोक लगाई जाए और यदि मुकदमे गलत पाए जाते हैं तो उन्हें वापस लिया जाए।


    ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन, डीजीपी उत्तर प्रदेश, डीआईजी गोरखपुर, मंडलायुक्त गोरखपुर, जिलाधिकारी गोरखपुर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर को भी भेजी गई है।

    ज्ञापन पर नगर पंचायत बांसगांव की अध्यक्ष प्रीति सिंह समेत कई लोगों के हस्ताक्षर दर्ज हैं। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

    No comments