गोरखपुर: खोराबार में गश्त कर रही पुलिस टीम पर चाकू से हमला, दरोगा और सिपाही घायल
गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम गश्त कर रही पुलिस टीम पर एक युवक ने चाकू और लाठी से हमला कर दिया। इस हमले में थाने पर तैनात उपनिरीक्षक अनूप कुमार सरोज और सिपाही राजेश कुमार घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, खोराबार गांव के घुठठ टोला के पास दारोगा और सिपाही गश्त पर निकले थे। इसी दौरान सड़क किनारे दुर्गेश पासवान नामक युवक नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहा था और हाथ में लाठी लिए खड़ा था। पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी आक्रामक हो गया। उसने पहले लाठी से वार किया और फिर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में उपनिरीक्षक अनूप कुमार सरोज के चेहरे और गले पर गंभीर चोटें आईं, वहीं सिपाही राजेश कुमार भी घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स गोरखपुर रेफर किया गया।
सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपी दुर्गेश पासवान को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की जड़ यह थी कि आरोपी का बच्चा सड़क किनारे शौच कर रहा था, किसी ने उसका वीडियो बना लिया। इसी बात को लेकर आरोपी गुस्से में आकर लोगों को गालियां दे रहा था। पुलिस ने जब टोका तो उसने हमला कर दिया।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने पुष्टि की है कि घटना में दोनों पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
No comments