• Breaking News

    बड़हलगंज में राष्ट्र जागरण व नारी सशक्तिकरण 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, भव्य कलशयात्रा के साथ हुआ शुभारम्भ


     संवाददाता सूरज शर्मा बड़हलगंज गोरखपुर

    बड़हलगंज। राष्ट्रीय कन्या इंटर कॉलेज परिसर में रविवार से शुरू हो रहे राष्ट्र जागरण एवं नारी सशक्तिकरण 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के अवसर पर नगर में भव्य एवं ऐतिहासिक कलशयात्रा निकाली गई। इस आध्यात्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को धर्म, संस्कार और सद्भावना के रंग में रंग दिया। कलशयात्रा का नेतृत्व चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी एवं बड़हलगंज नगर पंचायत की चेयरमैन प्रीति उमर ने स्वयं अपने सिर पर कलश धारण कर किया, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई।
    रविवार को दोपहर 12 बजे महायज्ञ स्थल से पीत वस्त्र धारण किए गायत्री परिवार के साधकों की कलशयात्रा प्रारम्भ हुई। यात्रा में सबसे आगे रानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप, भारत माता, भगवान कृष्ण एवं भगवान शिव की मनमोहक झांकियां घोड़े व रथ पर सवार होकर चल रही थीं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। इनके पीछे ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच शांतिकुंज हरिद्वार से लाए गए पवित्र कलश का रथ चल रहा था।
    इसके पश्चात विधायक राजेश त्रिपाठी, चेयरमैन प्रीति उमर, चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर सहित हजारों की संख्या में महिला-पुरुष सिर पर कलश लेकर “मां गायत्री की जय” के उद्घोष के साथ नगर भ्रमण पर निकले। कलशयात्रा कॉलेज तिराहा, पटना चौराहा, सोती चौराहा, लेटाघाट, डीह स्थान, गोला तिराहा होते हुए पुनः कॉलेज तिराहा से कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलशधारियों का स्वागत किया।
    कार्यक्रम स्थल पर विधिवत पूजन-अर्चन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शांतिकुंज हरिद्वार से आई महिला यज्ञाचार्यों की टोली द्वारा कलश स्थापना कराई गई। इससे पूर्व मुख्य यजमान के रूप में चेयरमैन प्रीति उमर एवं चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने विधिवत पूजन कर कलशयात्रा का शुभारम्भ किया।
    आयोजन के संयोजक आलोक सिंह सहित लक्ष्मीनारायण गुप्त, सुभाष विश्वकर्मा, अनिल कुमार पाण्डेय, राधेश्याम कुशवाहा, वीरेंद्र नारायण गुप्ता, राजीव दूबे, डॉ. बांके बिहारी मिश्रा, बसंत गुप्ता, पुरुषोत्तम जायसवाल, मीडिया प्रभारी संतोष जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही गीता कुशवाहा, अतरवासी देवी, संध्या श्रीवास्तव, संध्या जायसवाल, मीरा जायसवाल, विजयलक्ष्मी जायसवाल, सुमावती यादव, डॉ. सुनीता सिंह तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सम्भल से आए गायत्री साधकों की सहभागिता उल्लेखनीय रही।
    आयोजकों ने बताया कि इस महायज्ञ का मूल उद्देश्य गायत्री महामंत्र के माध्यम से समाज में सद्बुद्धि, राष्ट्र जागरण और नारी सशक्तिकरण का संदेश देना है।

    No comments

    Ad

    Abcd
    ad728