शीतलहर व घने कोहरे के चलते जनपद गोरखपुर में स्कूलों का समय बदला
जनपद में लगातार बढ़ रही शीतलहर एवं घने कोहरे की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी गोरखपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद में संचालित कक्षा 01 से 12 तक के सभी विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश/विज्ञप्ति में बताया गया है कि जनपद के समस्त बोर्ड—जैसे बेसिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड, संस्कृत बोर्ड सहित मान्यता प्राप्त मदरसा बोर्ड—के अंतर्गत संचालित सभी विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों का संचालन अब प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
प्रशासन द्वारा यह निर्णय अत्यधिक ठंड, शीतलहर और कोहरे के कारण विद्यार्थियों को होने वाली संभावित परेशानियों को देखते हुए लिया गया है। सुबह के समय दृश्यता कम होने और तापमान गिरने से छोटे बच्चों एवं किशोर छात्रों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों के समय में संशोधन किया गया है।
जिलाधिकारी ने समस्त विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
इस आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है। साथ ही जनपद के समस्त प्रधानाचार्य एवं बोर्ड प्रबंधकों को भी आदेश से अवगत करा दिया गया है।
प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों और विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है।

No comments