छपिया प्रीमियर लीग सीजन-2: धोबवली ने रुद्रपुर को 51 रन से हराया, अर्जुन तिवारी बने मैन ऑफ द मैच
भगवान परशुराम क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित छपिया प्रीमियर लीग सीजन-2 के दूसरे दिन खेले गए मुकाबले में धोबवली टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रुद्रपुर को 51 रन से पराजित कर दिया। यह मुकाबला धोबवली बनाम रुद्रपुर के बीच खेला गया, जिसमें दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए धोबवली की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 170 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। धोबवली की ओर से बल्लेबाज अर्जुन तिवारी ने तूफानी पारी खेलते हुए मैदान में चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। अर्जुन तिवारी ने मात्र 33 गेंदों पर 113 रन बनाए, जिसमें 16 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया और विपक्षी टीम के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुद्रपुर की टीम संघर्ष करती नजर आई। निर्धारित 10 ओवर में रुद्रपुर की टीम केवल 119 रन ही बना सकी और धोबवली ने यह मुकाबला 51 रन से अपने नाम कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए अर्जुन तिवारी को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मैच के मुख्य अतिथि दिव्यांश हॉस्पिटल के डॉ. रजनीश श्रीवास्तव एवं युवा नेता आलोक त्रिपाठी रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे टूर्नामेंट आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस प्रतियोगिता के आयोजन में आयोजक विवेक तिवारी, सत्यम तिवारी, हितेश, शिवम, अभिषेक, दीपक, शेरू, अमन एवं रजनीश तिवारी सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय खेल प्रेमियों और दर्शकों की भी सराहनीय भूमिका रही।
No comments