विरासत का सम्मान: बड़हलगंज में शिक्षा ज्योति के पुरोधाओं की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण
संवाददाता सूरज शर्मा बड़हलगंज गोरखपुर
बड़हलगंज (चिल्लूपार)।
आदर्श नगर पंचायत बड़हलगंज की ओर से चिल्लूपार क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने वाले महान शिक्षाविदों और समाजसेवियों की स्मृति में उनकी प्रतिमाओं के अनावरण का भव्य समारोह आयोजित किया गया। यह गरिमामय कार्यक्रम नगर क्षेत्र में श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा के वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान शिक्षा एवं सामाजिक चेतना के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाले चार महान विभूतियों—पं. भृगुनाथ चतुर्वेदी जी (प्रथम विधायक, चिल्लूपार एवं संस्थापक प्रबंधक), श्री रामछबीले श्रीवास्तव जी (संस्थापक प्रधानाचार्य, नेशनल डिग्री कॉलेज एवं इंटर कॉलेज), राजर्षि रामकवल शाही जी (संस्थापक सदस्य) तथा डा. प्रभाकर त्रिवेदी जी (प्रसिद्ध दार्शनिक एवं उपप्राचार्य)—की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक चिल्लूपार राजेश त्रिपाठी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत बड़हलगंज की चेयरमैन श्रीमती प्रीति उमर ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर मौजूद रहे।
अपने संबोधन में विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि ये सभी महापुरुष शिक्षा, संस्कार और सामाजिक उत्थान के सशक्त स्तंभ रहे हैं। उनका जीवन और योगदान आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा के महत्व को समझने और समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाती है।
नगर पंचायत चेयरमैन श्रीमती प्रीति उमर ने कहा कि बड़हलगंज की पहचान शिक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ी रही है। नगर पंचायत सदैव ऐसे महापुरुषों के योगदान को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी, जिन्होंने समाज को दिशा देने का कार्य किया।
समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सभासद, गणमान्य नागरिक एवं नगर पंचायत के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से सभासद राकेश राय, सुनील यादव, दीपक शर्मा, सूरज सोनकर, रामदास मद्धेशिया, संजय सोनकर, सुनील कुमार, बृजेश वर्मा, दुर्गेश मिश्रा, आकाश शाही, सोनू श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार गुप्ता, अमलेश कुमार, हिमांशु गौड़, उमेश यादव, विकास गौड़, विपुल साहनी, विनय गुप्ता, विनय तिवारी, प्रशांत शाही सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी श्री रामसमुख, लिपिक सुनील कुमार, रवि साहनी, सभासद जितेंद्र पासवान समेत अन्य कर्मचारी और क्षेत्रवासी भी समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
No comments