• Breaking News

    जानीपुर रामनगर के पास ऑटो और नीलगाय की टक्कर, ऑटो पलटा, सभी यात्री सुरक्षित

    गोरखपुर।जानीपुर रामनगर मार्ग पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती ऑटो रिक्शा की अचानक सामने आ गई नीलगाय से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ऑटो में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।


    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीलगाय अचानक सड़क पार कर रही थी, जिससे चालक को संभलने का मौका नहीं मिल सका। टक्कर के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कुछ यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आईं, लेकिन किसी को अस्पताल ले जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

    घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जानीपुर विवेक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन तब तक ऑटो सवार यात्री वहां से जा चुके थे। मौके पर कोई घायल व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस द्वारा ऑटो के नंबर के आधार पर वाहन और चालक की जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, परंतु फिलहाल कोई ठोस विवरण प्राप्त नहीं हो सका है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटनास्थल गगहा थाना क्षेत्र में आता है। इस संबंध में गगहा थाना पुलिस को भी अवगत कराया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की आवाजाही के कारण आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है।

    स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर घूमने वाले आवारा पशुओं को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास जारी है।

    No comments