ब्लॉक संसाधन केंद्र बांसगांव में ‘हमारा आंगन हमारे बच्चे’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन
बांसगांव, गोरखपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र बांसगांव में ‘हमारा आंगन हमारे बच्चे’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और सहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी रोहित पांडेय ने की। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अनिरुद्ध सिंह चौहान एवं बाल विकास पुष्टाहार अधिकारी जवाहिर कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बांसगांव ब्लॉक के कक्षा एक एवं दो में अध्यापन कार्य करने वाले नोडल शिक्षक, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में नन्हे-मुन्ने बच्चे शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक डॉ. ह्रिदेश मिश्रा द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में खंड शिक्षा अधिकारी रोहित पांडेय ने कहा कि विद्यालयों में माता-उन्मुखीकरण, अभिभावक-शिक्षक संवाद, बाल वाटिका जैसे कार्यक्रमों का यदि सही ढंग से संचालन किया जाए तो विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण मजबूत होता है। इससे न केवल बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार होता है, बल्कि अभिभावकों की भी पठन-पाठन में रुचि बढ़ती है।
खंड विकास अधिकारी अनिरुद्ध सिंह चौहान ने अपने विचार रखते हुए कहा कि बच्चे कच्चे घड़े के समान होते हैं। उन्हें डांटने या दबाव डालने के बजाय सराहना, प्रोत्साहन और सकारात्मक मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन करते हैं।
बाल विकास पुष्टाहार अधिकारी जवाहिर कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर अनेक अंतरनिहित क्षमताएं और शक्तियां होती हैं। शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का दायित्व है कि वे परामर्शदाता की भूमिका निभाते हुए बच्चों की इन क्षमताओं को पहचानें और उन्हें विकसित करने में सहयोग करें।
शिक्षक नेता अमरेंद्र शाही ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहने से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। कार्यक्रम में रत्नेश जायसवाल, महेंद्र शर्मा, श्रीप्रकाश, रामकृष्ण मिश्रा, विनय सिंह, सीमा रानी, अर्शी आजमी, वंदना सिंह, मोहिनी, तलत खातून, कैसर जमील सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।




No comments