• Breaking News

    भूमि विवाद में अधिवक्ता की हत्या: बांसगांव में बवाल, पुलिस ने संभाला मोर्चा

    बांसगांव क्षेत्र में भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें अधिवक्ता अग्निवेश सिंह की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में तनाव का माहौल बन गया।


    बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को इसी विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि अग्निवेश सिंह एडवोकेट पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


    मृतक के भाई नीतीश सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके भाई की बेरहमी से पिटाई कर हत्या की गई। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


    वहीं, दूसरे पक्ष के संजय सिंह (पुत्र सौरभ सिंह) भी इस झड़प में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना में नीतिश सिंह एडवोकेट और उनके पिता सुनील सिंह को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।


    घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मृतक के भाई से पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।


    तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


    फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पुलिस गश्त की जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

    No comments