• Breaking News

    गोरखपुर: अति पिछड़े समाज की राजनीतिक भागीदारी पर मंथन, जन सेवा दल की बैठक सम्पन्न


    जिला संवाददाता सूरज शर्मा बड़हलगंज गोरखपुर

    गोरखपुर के बड़हलगंज बाईपास रोड स्थित होटल सत्कार में 11 अप्रैल 2026 को दोपहर 2 बजे से जन सेवा दल के तत्वाधान में अति पिछड़े एवं सत्ता से वंचित समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी बी. के शर्मा ने की, जबकि क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य अति पिछड़े समाज को राजनीतिक मुख्यधारा से जोड़ना और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श करना रहा।
    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जन सेवा दल के महासचिव श्री राम कृपाल शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज के हर वर्ग का नेतृत्व करने वाला नाई समाज आज भी सत्ता की भागीदारी से वंचित है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अति पिछड़े समाज को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ही जन सेवा दल का गठन किया गया है। संगठन लगातार विभिन्न स्थानों पर बैठकें और सम्मेलन आयोजित कर लोगों को जागरूक कर रहा है।
    विशिष्ट अतिथि के रूप में जन सेवा दल के प्रदेश प्रभारी श्री अशोक शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के सात दशक बीत जाने के बावजूद अति पिछड़े समाज को अपेक्षित राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि अब यह समाज चुप बैठने वाला नहीं है, बल्कि संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सेवा दल किसी राजनीतिक दल से टिकट मांगने के बजाय स्वयं टिकट देने और राजनीतिक दिशा तय करने का कार्य करेगा।

    श्री अशोक शर्मा ने “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” के नारे को दोहराते हुए कहा कि संगठन इसी सिद्धांत को लागू करने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके सामाजिक न्याय के फार्मूले को लागू करना और उनके अधूरे सपनों को साकार करना ही जन सेवा दल का मुख्य लक्ष्य है।
    बैठक में युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अखिलेश शर्मा, संत कबीर नगर के जिला उपाध्यक्ष श्री संदीप शर्मा और गोरखपुर जिले के प्रभारी अमरनाथ शर्मा ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि अब अति पिछड़ा समाज अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करेगा और चुप नहीं बैठेगा।
    कार्यक्रम का संचालन भी बी. के शर्मा द्वारा किया गया। बैठक में राजकुमार शर्मा सहित अनेक उपस्थित लोगों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और समाज को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया।
    इस अवसर पर विनोद कुमार शर्मा, योगेंद्र कुमार शर्मा, डॉ. खादेरु शर्मा, डॉ. राजा राम शर्मा, श्रेयश कुमार शर्मा, श्रावण कुमार शर्मा, विजय कुमार शर्मा, बनमाली शर्मा, डॉ. अजय शर्मा, डॉ. गोपेश शर्मा, रविंद्रनाथ शर्मा, मनीष प्रसाद शर्मा, शिवा शर्मा, (सूरज शर्मा चुल्लूपार अध्यक्ष, )मनोज कुमार शर्मा, धीरेन्द्र शर्मा, प्रदीप शर्मा, शैलेन्द्र शर्मा, दिग्विजय शर्मा, आदित्य शर्मा, जितेन्द्र कुमार शर्मा, विजेन्द्र शर्मा, दीपक शर्मा, (पत्रकार सूरज शर्मा,) संजय कुमार शर्मा, अर्जुन कुमार शर्मा, छट्टू शर्मा, रिंकू शर्मा, राहुल शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
    बैठक का समापन समाज में एकता, जागरूकता और राजनीतिक सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हुआ। जन सेवा दल के इस प्रयास को क्षेत्र में अति पिछड़े समाज के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

    No comments