बांसगांव में टेंपो चालक से मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
गोरखपुर। बांसगांव क्षेत्र में टेंपो चालक के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कार सवार लोगों और तीन महिलाओं पर हमला करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरवा गांव निवासी देवेश शाही ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 17 जून 2026 को दोपहर करीब 2 बजे उनके पिता उपेन्द्र प्रताप शाही माल्हनपार क्षेत्र में टेंपो चला रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक कार की टक्कर के बाद विवाद हो गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि विवाद के दौरान कार सवार लोगों और तीन महिलाओं ने उनके पिता के साथ मारपीट की तथा टेंपो को क्षतिग्रस्त कर दिया।
शिकायत में टेंपो के फाटक और शीशे तोड़े जाने, वाहन को नुकसान पहुंचाने तथा अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। घटना में घायल व्यक्ति के उपचार की बात भी कही गई है। वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है।
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उधर पुलिस का कहना है कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments